Bageshwar News: आलिशा ने बढ़ाया बागेश्वर का मान, सीएम ने किया सम्मान
बागेश्वर में आलिशा मनराल को तीलू रौतेली सम्मान से सम्मानित किया गया जिन्होंने ताइक्वांडो में कई राष्ट्रीय पदक जीते हैं। वहीं मुन्नी रावत को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार मिला जिन्होंने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कई सरकारी योजनाओं को लागू करने में भी मदद की।

जागरण संवाददाता, बागेश्वर। राज्य के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली सम्मान से गुरुवार को आलिशा मनराल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा खेल मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार प्रदान किया। अलिशा के पिता भूपेंद्र मनराल शिक्षा विभाग में हैं जबकि माता गंगा मनराल गृहिणी हैं।
उन्हें यह पुरस्कार ताइक्वांडो खेल में बेहतर प्रदर्शन के बाद मिल सका है। उनके कोच कमलेश तिवारी ने बताया कि अलिशा ने अब तक आठ राष्ट्रीय पदक जीते हैं। जिसमें दो स्वर्ण, दो रजत, चार कांस्य शामिल हैं। जबकि राज्य स्तर पर 10 स्वर्ण जीतकर खेल जगत में अपनी पहचान बनाई है।
पिंगलों की मुन्नी रावत को मिला आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार
तहसील के पिंगलों की मुन्नी रावत को आंगनबाड़ी कार्यकत्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह पुरस्कार देहरादून में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने प्रदान किया। उन्हें पुरस्कार में प्रशस्ति पत्र, सील्ड व 51 हजार की धनराशि प्रदान की गई।
वह वर्ष 2011 से आंगनबाड़ी केंद्र पिंगलों का संचालन कर रही हैं। वर्तमान में उनके केंद्र में बीस नन्हें-मुन्हें बच्चे शिक्षा व स्वास्थ्य का ककहरा सीख रहे हैं। मुन्नी रावत ने महिलाओं को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और कन्याओं को नंदा गौरा योजना का लाभ दिलाया।
कोरोनाकाल में लोगों को जागरूक किया और धात्री महिलाओं को कुपोषण से बचाने में काफी मदद की। पौष्टिक आहार वितरित कर बच्चों व महिलाओं के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की प्रत्येक योजना को धरातल पर उतारा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।