Bihar Election Result: बिहार विजय से उत्तराखंड में भाजपा संगठन को मिली ऊर्जा, मुख्यमंत्री धामी का बढ़ा आत्मविश्वास
बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत से उत्तराखंड भाजपा में उत्साह है। मुख्यमंत्री धामी का आत्मविश्वास बढ़ा है, क्योंकि उन्होंने कई सीटों पर प्रचार किया था और उनमें से ज्यादातर पर एनडीए जीता। भाजपा अब 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरी बार प्रचंड बहुमत पाने की तैयारी कर रही है, जिससे विपक्ष में चिंता है।

मुख्यमंत्री धामी का बढ़ा आत्मविश्वास, चुनाव प्रचार में स्ट्राइक रेट से बढ़ेगी विपक्ष की चिंता। आर्काइव
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की प्रचंड जीत ने उत्तराखंड में भी भाजपा संगठन को ऊर्जा से भर दिया है। पूरे उत्तर भारत में इस जीत के राजनीतिक निहितार्थ हैं। इससे भाजपा कार्यकर्ताओं का का मनोबल बढ़ा हुआ है। लगभग डेढ़ वर्ष बाद राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। सत्ताधारी दल इस जीत से उत्साहित होकर अब उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत पाने की अपनी योजना को मूर्त रूप देने में जुटने जा रहा है। बतौर स्टार प्रचारक बिहार विधानसभा चुनाव में कई सीटों पर धुआंधार प्रचार कर चुके धामी का चुनाव परिणाम में जो स्ट्राइक रेट सामने आया है, उससे मुख्यमंत्री का आत्मविश्वास बढ़ा है, साथ में यह राज्य में भी विपक्ष के लिए चिंता का कारण बन सकता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा के चुनावी ब्रांड हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा और एनडीए ने बिहार विधानसभा चुनाव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। मोदी पर आमजन का यही भरोसा विपक्ष के लिए चिंता का बड़ा विषय है। केंद्र की सत्ता में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने के बाद उत्तराखंड में भी भाजपा चुनावी दृष्टि से अभेद्य किला बन गई है। राज्य में लगातार तीन बार लोकसभा चुनावों और दो बार विधानसभा चुनावों में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिला है। सत्तारूढ़ दल अब वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में डट गया है। ऐसे अवसर पर बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली सफलता से उत्तराखंड में भी पार्टी संगठन उत्साह और उमंग से भर उठा है। इस जीत ने राज्य के पार्टी कार्यकर्ताओं में भी जोश भर दिया है। परिणामस्वरूप भाजपा इसे भुनाने की तैयारी में है।
बिहार विजय से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मनोबल भी ऊंचा हुआ है। बतौर स्टार प्रचारक उन्होंने गोरियाकोठी, सिवान, वारसलीगंज, कल्याणपुर एवं हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार किया था। इनमें वारसलीगंज को छोड़कर शेष सभी सीटों पर एनडीए प्रत्याशी विजयी हुए हैं। मुख्यमंत्री धामी अब चुनावी राजनीति में भी नए सितारे बनकर उभरे हैं। मुख्यमंत्री और भाजपा का यह आत्मविश्वास उत्तराखंड में भी विपक्षी दलों विशेष रूप से कांग्रेस में खलबली मचाए हुए है।
‘बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण राष्ट्र में हो रहे विकास के महायज्ञ का प्रतिफली है। यह परिणाम स्पष्ट संदेश है कि बिहार की जनता विकास, सुशासन और स्थिरता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं करती। महागठबंधन की करारी हार साबित करती है कि अवसरवाद, परिवारवाद, अव्यवस्था और दुष्प्रचार की राजनीति को जनता अब पूरी तरह नकार चुकी है।’
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।