Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    उत्तराखंड में नकली दवाओं का पूरा नेटवर्क होगा ध्वस्त, CM धामी बोले-जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त

    Updated: Sun, 07 Sep 2025 09:32 AM (IST)

    उत्तराखंड सरकार ने नकली दवा कारोबारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री धामी ने सघन अभियान चलाकर नेटवर्क ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं। बागेश्वर में आपदा प्रभावितों से मिलकर मदद का भरोसा दिलाया। प्रदेश में नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री को रोकने के लिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार जनहित के संकल्पों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

    Hero Image
    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी। जागरण

    राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून। उत्तराखंड में अब नकली दवाओं का कारोबार करने वालों पर सरकार ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नकली दवाओं का कारोबार करने वालों के खिलाफ सघन अभियान चलाने और इसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के निर्देश दिए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस बीच मुख्यमंत्री धामी ने शनिवार को बागेश्वर के आपदा प्रभावित क्षेत्र का भी दौरा किया और प्रभावितों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

    यह सप्ताहांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के फैसलों का दिन रहा। सुबह उन्होंने आवास में उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर अधिकारियों के पेंच कसे। उन्होंने इस दौरान जन सेहत से लेकर आपदा प्रभावितों के संबंध में अहम दिशा निर्देश भी जारी किए।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश में नकली दवाओं के निर्माण और बिक्री को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए प्रशासन, पुलिस व स्वास्थ्य विभाग संयुक्त सघन अभियान चलाएं।

    व्यापक स्तर पर होंगे राहत व पुनर्वास कार्य

    मुख्यमंत्री ने कहा कि धराली व बागेश्वर समेत अन्य स्थानों पर आपदा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान तथा उनके पुनर्वास, राहत और आजीविका की व्यवस्था सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए गठित समिति की रिपोर्ट आने के बाद प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पुनर्वास और राहत कार्य किए जाएंगे।

    अग्निवीरों के लिए हो सुमचित प्रशिक्षण

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अग्निवीरों के लिए समुचित प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। इसके लिए पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में समय-समय पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश उन्होंने दिए।

    यह भी पढ़ें- आज से शुरू हो जायेगी गंगोत्री धाम की दूसरे चरण की यात्रा, यमुनोत्री यात्रा को लेकर आया नया अपडेट

    राज्य में वृहद स्तर पर चले स्वदेशी अभियान

    राज्य में व्यापक स्तर पर स्वदेशी अभियान चलाने के भी निर्देश मुख्यमंत्री ने दिये। उन्होंने कहा कि यह अभियान आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि सरकारी कार्यक्रमों और आयोजनों में स्थानीय उत्पादों के अधिकतम उपयोग को सुनिश्चित किया जाए।

    जनहित के सभी संकल्प तेजी से हों पूरे

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अपने दृष्टि पत्र में प्रदेश की जनता के समक्ष जो वायदे किये थे, उनको पूरा करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनहित में लिये गये सभी संकल्पों को पूरा करने के लिए और तेजी से कार्य किये जाएं।