ISRO के पूर्व चेयरमैन डा. एस. सोमनाथ बोले, युवा पीढ़ी की ताकत से दुनिया में आर्थिक महाशक्ति बनेगा भारत
इसरो के पूर्व चेयरमैन डा. एस. सोमनाथ ने कहा कि भारत अपनी युवा शक्ति के बल पर दुनिया में आर्थिक महाशक्ति बनेगा। उन्होंने युवाओं को विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। डा. सोमनाथ ने युवाओं में असीम क्षमता बताई और नवाचार पर जोर दिया। उन्होंने विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास से अर्थव्यवस्था मजबूत होने की बात कही।
-1764347754875.webp)
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व चेयरमैन डा. एस. सोमनाथ।
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन को संबोधित करते हुए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व चेयरमैन डा. एस. सोमनाथ ने कहा कि कोई भी राष्ट्र तभी प्रगति करता है, जब उसकी युवा शक्ति देशहित में सक्रिय भूमिका निभाए। वर्ष 2047 तक भारत को विश्व की आर्थिक महाशक्ति बनाने में युवा पीढ़ी का महत्वपूर्ण योगदान होगा।
परेड मैदान में शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन प्रारंभ हुआ। इस अवसर पर अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी और राष्ट्रीय महामंत्री डा.वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने पदभार ग्रहण किया।
अधिवेशन के उद्घाटन सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डा.सोमनाथ ने छात्रों का आह्वान किया कि वे राष्ट्र शक्ति के रूप में बढ़चढ़कर भागीदारी निभाएं।
अभाविप युवा पीढ़ी को एक भारत, श्रेष्ठ भारत का दर्शन कराने की क्षमता रखता है। युवाओं को कृषि, तकनीक, रक्षा और वैश्विक अर्थव्यवस्था में योगदान देकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में काम करना चाहिए।
डा. सोमनाथ ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में यह समय भारत का है। आपरेशन सिंदूर, चंद्रयान-2, ग्रीन हाइड्रोजन और ब्रह्मोस उत्पादन जैसी उपलब्धियों ने भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई है।
अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो.रघुराज किशोर तिवारी ने कहा कि अभाविप दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसने सात दशकों में व्यक्ति निर्माण और छात्र शक्ति-राष्ट्र शक्ति के संकल्प को मजबूत किया है।
उन्होंने कहा कि संगठन युवाओं को संकल्पित, संस्कारवान और संवेदनशील बनाने का कार्य कर रहा है। अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डा.वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि अभाविप ने इस वर्ष सदस्यता के सभी पुराने आंकड़ों को पीछे छोड़ 76,98,448 विद्यार्थियों को सदस्य बनाया है।
पहले दिन उद्घाटन सत्र के पश्चात युवा भारत का आह्वान विषय पर भाषण सत्र आयोजित किया गया। उद्घाटन सत्र को स्वागत समिति के अध्यक्ष कमल घनशाला, अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री क्षमा शर्मा, प्रांत मंत्री ऋषभ रावत व स्वागत समिति के सचिव रमेश गडिया ने भी संबोधित किया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।