राष्ट्रपति का उत्तराखंड दौरा: देहरादून पहुंचीं द्रौपदी मुर्मु, फुट ओवर ब्रिज का किया उद्घाटन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचीं। वह पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल हुईं और विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। नैनीताल राजभवन के 125 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में भी भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त, वह कैंची धाम और कुमाऊं विश्वविद्यालय भी जाएंगी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर हैं। सूवि
जागरण संवाददाता, देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रविवार सुबह सवा दस बजे देहरादून एयरपोर्ट पहुंचीं। वह यहां से हेलीकाप्टर से हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय पहुंची और सुबह विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में शामिल हुईं।
पतंजलि हैलीपेड पहुंचने पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। पतंजलि यूनिवर्सिटी में अकादमिक स्टाफ व विद्यार्थियों के साथ फोटो सेशन संपन्न हुआ। पतंजलि यूनिवर्सिटी के दूसरे दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शामिल हुईं और स्वर्ण पदक विजेता छात्रों को सम्मानित किया।
इसके बाद वह देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन पहुंची और फुट ओवर ब्रिज का उद्घाटन किया। यहां आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही रात्रि विश्राम भी यहीं करेंगी।
राष्ट्रपति ने आज देहरादून स्थित राष्ट्रपति निकेतन में दो नई आगंतुक- केंद्रित सुविधाओं- पैदल पार पुल (फुट ओवर ब्रिज) और घुड़सवारी क्षेत्र का लोकार्पण किया। इन दोनों परियोजनाओं ने राष्ट्रपति निकेतन परिसर को आधुनिकता, सुरक्षा और विरासत के अद्भुत संगम के रूप में स्थापित कर दिया है।
राजपुरा रोड पर बने 105 फीट लंबे पैदल पार पुल ने अब राष्ट्रपति निकेतन और आगामी राष्ट्रपति उद्यान (132 एकड़ परिसर) के बीच निर्बाध संपर्क स्थापित कर दिया है। उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग द्वारा 9 करोड़ की लागत से निर्मित यह पुल स्थानीय हिमालयी वास्तुकला का सुंदर उदाहरण है। रैंप और रेलिंग के साथ यह पूरी तरह सुगम पहुंच प्रदान करता है। यह पुल अब व्यस्त राजपुरा रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक सुरक्षित विकल्प बन गया है।
वहीं, परिसर में विकसित 0.7 एकड़ का घुड़सवारी क्षेत्र, राष्ट्रपति के अंगरक्षकों की ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक है। सीपीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित इस अत्याधुनिक क्षेत्र में 8 घोड़ों की क्षमता वाला अस्तबल, उपचार कक्ष, स्नान व चारा कक्ष, और आगंतुकों के लिए देखने का विशेष गलियारा तैयार किया गया है।
यह नई सुविधा अब आम आगंतुकों के लिए सोमवार को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी। यहाँ आगंतुकों को राष्ट्रपति सर्किट का समृद्ध अनुभव देने के लिए निर्देशित भ्रमण की भी व्यवस्था की गई है। राष्ट्रपति निकेतन में इन दो नई परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ, यह परिसर अब न केवल सुरक्षा और संरचना के दृष्टिकोण से उन्नत हुआ है, बल्कि हिमालयी विरासत और राष्ट्रीय गौरव का भी नया प्रतीक बन गया है।
तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
राष्ट्रपति राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र को सोमवार को 11 बजे से संबोधित करेंगी। शाम साढ़े पांच बजे नैनीताल राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। मंगलवार सुबह कैंचीधाम स्थित बाबा नीब करौरी आश्रम में दर्शन करेंगी और अपराह्न तीन बजे कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में भी शामिल होंगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।