उत्तराखंड के नौ जिले आपदा से बुरी तरह प्रभावित, कांग्रेस ने केंद्र से मांगे 20 हजार करोड़
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि राज्य के नौ जिले आपदा से बुरी तरह प्रभावित हैं जहाँ ग्रामीण मुश्किल हालातों में जी रहे हैं। उन्होंने देहरादून में अतिक्रमण को त्रासदी का कारण बताया। करन माहरा ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य को 20 हजार करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है केंद्र से 12 सौ करोड़ की राहत राशि मिली है।

जासं, देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि राज्य को इस बार आपदा से भारी नुकसान हुआ है। इसे देखते हुए कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से प्रदेश को 20 हजार करोड़ रुपये देने की मांग की थी, लेकिन राज्य सरकार ने मात्र 5700 करोड़ की मांग रखी और केंद्र ने केवल 1,200 करोड़ की घोषणा की, जो ऊंट के मुंह में जीरा है।
उन्होंने कहा राज्य में प्रधानमंत्री के दौरे के बाद भी देहरादून और चमोली के नंदानगर में आपदा आई है, इसकी क्षति अलग से है। शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में माहरा ने आरोप लगाया कि सरकार ने मसूरी स्थित जार्ज एवरेस्ट की 142 एकड़ हेरिटेज भूमि को मात्र एक करोड़ वार्षिक किराये दे दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस स्थल पर पहले ही 23 करोड़ खर्च किए, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में मिलीभगत कर भूमि निजी हाथों में दी गई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बिना अनुभव वाली कंपनी को सोनप्रयाग-केदारनाथ रोपवे परियोजना का ठेका दिया गया है। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था को पूरी तरह विफल बताया और कहा कि इस वर्ष अब तक 208 हत्याएं, 534 दुराचार और बाल अपराध के खिलाफ 1,245 मामले दर्ज हुए हैं।
उन्होंने भाजपा नेताओं पर कई आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, सुजाता पाल, अमरजीत सिंह, डा.जसविंदर सिंह गोगी, नवीन जोशी और राम रतन नेगी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।