Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    22 साल पुराने सरकारी हेलीकॉप्टर के सहयोगी की तलाश, तीन बार कैंसिल हो चुका है यह प्लान

    Updated: Sat, 25 Oct 2025 10:25 AM (IST)

    उत्तराखंड सरकार का 22 साल पुराना हेलीकॉप्टर अब रखरखाव मांग रहा है। नए हेलीकॉप्टर की खरीद के प्रयास 2013 से चल रहे हैं, लेकिन कई बार टेंडर रद्द हो चुके हैं। सरकार अब फिर से इस पर विचार कर रही है कि नया हेलीकॉप्टर खरीदा जाए या किराये पर लिया जाए। यूकाडा के अनुसार, नए हेलीकॉप्टर की आवश्यकता महसूस हो रही है, लेकिन अंतिम निर्णय सरकार की अनुमति पर निर्भर करेगा।

    Hero Image

    गणमान्य व्यक्तियों के लिए केवल डबल इंजन हेलीकाॅप्टर ही है अनुमन्य

    विकास गुसाईं, जागरण, देहरादून। प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2003 में खरीदा गया डबल इंजन हेलीकाॅप्टर ईसी-135 की आयु अब 22 वर्ष हो चुकी है। यह समय-समय पर मेंटेनेंस मांग रहा है। नए हेलीकाॅप्टर की खरीद के लिए वर्ष 2013 से कवायद चल रही है। वर्ष 2013, वर्ष 2020 और फिर वर्ष 2023 में टेंडर आमंत्रित करने तक कदम बढ़ा दिए गए थे लेकिन कतिपय कारणों से यह खरीद नहीं हो पाई। अब एक बार फिर इस पर विचार किया जा रहा है। यह भी देखा जा रहा है कि नया हेलीकाॅप्टर खरीदना उचित होगा या फिर किराये पर हेलीकाॅप्टर लेकर ही काम चलाया जा सकता है।

    प्रदेश सरकार के पास इस समय एक एयर बस और एक हेलीकाॅप्टर है। एयर बस का इस्तेमाल अमूमन मुख्यमंत्री अथवा अन्य गणमान्य व्यक्तियों के अन्य प्रदेशों की यात्रा के दौरान किया जाता है। पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा के लिए हेलीकाॅप्टर का ही इस्तेमाल हो रहा है। प्रदेश में जब कोई गणमान्य व्यक्ति आता है या फिर राज्यपाल के लिए हेलीकाॅप्टर चाहिए होता है तो उस समय किराये पर हेलीकाॅप्टर लेना पड़ता है। इसे देखते हुए लंबे समय से प्रदेश सरकार नया हेलीकाॅप्टर खरीदने की योजना पर विचार कर रही है।

    यद्यपि, हेलीकाॅप्टर खरीद के प्रयास पूर्व में भी हो चुके हैं। वर्ष 2013 में में तत्कालीन सरकार ने हेलीकाॅप्टर खरीदने की योजना बनाई थी। इस दौरान केदारनाथ प्राकृतिक आपदा के कारण हेलीकाॅप्टर खरीद के प्रस्ताव पर ब्रेक लग गया। इसके बाद वर्ष 2020 में हेलीकाॅप्टर खरीदने की प्रक्रिया फिर शुरू हुई लेकिन कोरोना के कारण यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बिजली सस्ती होने की राह खुली, मिड टर्म करार से होगा उपभोक्ताओं का फायदा

    वर्ष 2023 में तो इसके लिए टेंडर भी आमंत्रित कर लिए गए थे लेकिन कतिपय कारणों से यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई। कुछ समय पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार ने भी एक हेलीकाॅप्टर खरीदा है। इसके बाद प्रदेश में भी नए हेलीकाॅप्टर की खरीद पर विचार शुरू हो गया है।

    यूकाडा के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय टोलिया ने कहा कि नए हेलीकाॅप्टर की जरूरत महसूस की जा रही है। यद्यपि, इस पर व्यापक विचार विमर्श और फिर भी सरकार की अनुमति के बाद ही आगे कदम बढ़ाए जाएंगे।