संतों की नगरी हरिद्वार से सीएम धामी का स्पष्ट संदेश, बोले - 'भ्रष्टाचारी सुधर जाएं, अन्यथा जाएंगे जेल'
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में 550 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टालरेंस नीति की बात कही। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को भव्य स्वरूप देने के लिए कई परियोजनाएं चल रही हैं। राज्य सरकार मातृशक्ति के सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पिछली सरकारों पर परिवारवाद का आरोप लगाया।

जागरण संवाददाता, हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन किया और ऋषिकुल मैदान में आयोजित ऐतिहासिक विकास संकल्प पर्व जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर सीएम धामी ने जनपद हरिद्वार की 550 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 107 योजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास और 13 नई घोषणाएं भी की।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भ्रष्टाचारी या तो सुधर जाएं, अन्यथा जेल जाने को तैयार रहें। हमने न केवल छोटी मछलियों, बल्कि भ्रष्टाचार के मगरमच्छों को भी पकड़ा है। राज्य में भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस नीति अपनाई गई है। पहले केवल छोटे कर्मचारियों पर ही कार्रवाई होती थी, किंतु अब बड़ी मछलियां भी कानून के शिकंजे में हैं।
बीते साढ़े तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्ट अधिकारियों एवं कर्मियों को जेल भेजा गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को कुल 75.81 लाख रुपये के चेक वितरित किए। इनमें स्वयं सहायता समूहों, कृषकों, पशुपालकों, बाल विकास विभाग एवं मत्स्य पालन विभाग से जुड़े लाभार्थियों को शामिल किया गया। साथ ही पीएम आवास योजना के अंतर्गत लाभार्थी मीना को आवास की चाबी सौंपी गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने के लिए हरिद्वार-ऋषिकेश कारिडोर की डीपीआर तैयार हो चुकी है। हेलीपोर्ट निर्माण, पाड टैक्सी योजना, हरकी पैड़ी से मनसा देवी तक रोपवे परियोजना जैसे कार्य भी नियोजन में हैं। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और 2027 का अर्द्धकुंभ आयोजन भव्य, दिव्य, ऐतिहासिक और सुरक्षित बनाया जाएगा।
विकल्प रहित संकल्प है हमारा
हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 4 जुलाई का दिन उनके लिए विशेष है, इस दिन वर्ष 2021 को ही उन्हें उत्तराखंड की सेवा का अवसर प्राप्त हुआ था। पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार ने ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ कार्य करते हुए प्रदेश को विकास के नए शिखर पर पहुंचाया है।
राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सिंचाई जैसी मूलभूत सुविधाओं का तीव्र विकास हो रहा है। किसानों के लिए मधुमक्खी पालन, दुग्ध उत्पादन, बागवानी और सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु ‘लखपति दीदी योजना’, ‘सौर स्वरोजगार योजना’ एवं ‘होमस्टे योजना’ जैसे प्रयास सराहनीय सिद्ध हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारा विकल्प रहित संकल्प है, उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना। हम न थकेंगे, न रुकेंगे, और जब तक इस देवभूमि को विकास की ऊंचाइयों तक नहीं पहुंचा देंगे, तब तक निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।
मातृशक्ति के लिए कृतसंकल्प
हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए कृतसंकल्प है। राज्य में महिलाओं को सरकारी सेवाओं में 30 आरक्षण आरक्षण प्रदान किया गया है। मुख्यमंत्री नारी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, वात्सल्य योजना एवं आंचल अमृत योजना के माध्यम से बेटियाँ अब आत्मनिर्भर बन रही हैं।
24 हजार से अधिक युवाओं को मिली नौकरी
हरिद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण निषेध कानून और दंगारोधी कानून लागू किए हैं। उन्होंने बताया कि नकल कानून के चलते आज 24 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती में सफलता प्राप्त हुई है।
जब सीएम धामी ने जनता से पूछा प्रश्न
हरिद्वार : जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता से प्रश्न किया कि "क्या आप जानते हैं वह कौन सा दल था जिसने राज्य को घोटालों, बेरोजगारी और पलायन के दलदल में धकेला? इस पर पंडाल में बैठे भाजपा कार्यकर्त्ताओं और लोगों ने कांग्रेस-कांग्रेस कहकर उत्तर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पिछली सरकारों की राजनीति केवल परिवारवाद और तुष्टिकरण तक सीमित थी। उन्होंने विश्वास जताया कि अब जनता जाग चुकी है और उत्तराखंड अब ईमानदार नेतृत्व के साथ विकास की दिशा में अग्रसर है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कल्पना सैनी, डॉ. नरेश बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक आदेश चौहान, प्रदीप बत्रा, मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, महापौर किरण जेसल, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, ओम प्रकाश जमदग्नि, विनय रोहेला आदि मौजूद रहे।
हरिद्वार में संगठन ने दिखाई ताकत
हरिद्वार : विकास संकल्प पर्व की जनसभा में 15 हजार से अधिक लोग पहुंचे थे। स्थानीय जानकारों के अनुसार ऋषिकुल मैदान में अभी तक हुई मुख्यमंत्रियों की जनसभाओं में यह जनसभा ऐतिहासिक रही है।
इस जनसभा में भाजपा संगठन की खास रणनीति के तहत भीड़ उमड़ी है। भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने शहर से लेकर गांव तक हर कार्यकर्त्ताओं इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारी सौंपी थी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर की गई घोषणाएं
- लालढांग में सिंचाई के झील का निर्माण
- लालढांग पीएचसी को सीएचसी में उन्नयन
- भगवानपुर से इकबालपुर एवं सिकरौदा तक सड़क निर्माण
- निरंजनपुर में डिग्री कॉलेज की स्थापना
- मुबारकपुर-अलीपुर हाईस्कूल का उच्चीकरण
- मोहम्मदपुर जटगांव में सीसी सड़क निर्माण
- रुड़की नगर निगम वार्ड 22-23 में जल निकासी और सड़क कार्य
- खानपुर में सौलानी नदी पर पुल
- गिद्धावाली में गंगा नदी पर घाट पुल निर्माण
- नागड़ पलोनी से भगवानपुर तक मोटर मार्ग
- मेवड़ नागड़ व मोहम्मदपुर पांडा में श्मशान एवं बाउंड्रीवाल निर्माण
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।