Uttarakhand News: रात में भाजपा नेता मदन जोशी के घर पहुंची पुलिस, पिता की हालत बिगड़ी
रामनगर में भाजपा नेता मदन जोशी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर परिजनों ने दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि पुलिस बिना महिला सिपाहियों के घर में घुसी और अभद्रता की, जिसके चलते मदन जोशी के पिता की तबीयत बिगड़ गई। विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने मौके पर पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और परिवार को समर्थन दिया।

स्वजन का आरोप पुलिस बिना महिला सिपाहियों के घर में घुसी, महिलाओं व बुजुर्ग से की अभद्रता. Concept Photo
जागरण संवाददाता, रामनगर। मांस प्रकरण में आरोपित बनाए गए भाजपा नेता मदन जोशी की गिरफ्तारी के लिए रात में घर पहुंची पुलिस पर स्वजन से अभद्रता का आरोप लगा है। इसके चलते रात में ही मदन जोशी के पिता की अचानक तबीयत भी बिगड़ गई। रामनगर के सरकारी अस्पताल से उन्हें रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर सुबह विधायक दीवान सिंह बिष्ट भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ मदन के घर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की ओर से स्वजन से की गई अभद्रता व कार्रवाई पर नाराजगी जताई। स्वजन का कहना था कि रात में पुलिस बिना महिला दरोगा व सिपाहियों के उनके घर में घुसी। पुलिस ने महिलाओं व बुजुर्ग को धमकाया और घर के दरवाजे व सामान सड़क पर रखने की बात कही। इससे मदन के पिता ख्याली दत्त जोशी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्वजन का कहना था कि मदन को फंसाया गया है।
मदन के निर्दोष होने के बाद भी भाजपा चुप बैठी है। पुलिस पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया। विधायक ने स्वजन को आश्वस्त किया कि वह मदन जोशी व परिवार के साथ खड़े हैं। इसके बाद विधायक ने पत्रकारों को बताया कि मदन जोशी हर वीडियो में वाहन चालक को बचाते दिख रहे हैं। विधायक ने कहा कि इस पूरी घटना में कहीं न कहीं गड़बड़ जरूर है। मदन जोशी मंडल के अध्यक्ष रहे हैं।
पालिकाध्यक्ष का चुनाव लड़ चुके हैं। उनके स्वजन काे परेशान करना ठीक नहीं है। इसके बाद विधायक ने कोतवाली पहुंचकर कोतवाल सुशील कुमार से मदन के स्वजन को परेशान करने पर नाराजगी जताई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, बलदेव रावत, ममता पांडे, पूरन नैनवाल, जगमोहन बिष्ट, भावना भटट, माया रावत, धनेश्वरी घिल्ड़ियाल, दीपा मठपाल, दिनेश महरा, किशोरी लाल मौजूद रहे। उधर कोतवाल सुशील कुमार ने कहा कि आरोप निराधार हैं। न्यायालय के आदेश के क्रम में वह गिरफ्तारी के लिए मदन जोशी के घर गए थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।