Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Panchayt Chunav: भाजपा के मास्टरस्ट्रोक से इशिता बनी टिहरी जिला पंचायत की निर्विरोध अध्यक्ष

    Updated: Tue, 12 Aug 2025 06:24 PM (IST)

    टिहरी में भाजपा ने इशिता सजवाण को समर्थन देकर जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कब्ज़ा किया। पहले सोना सजवाण उम्मीदवार थीं लेकिन बाद में इशिता को मौका मिला। कांग्रेस के समर्थन और भाजपा की रणनीति से इशिता निर्विरोध अध्यक्ष चुनी गईं। सबसे कम उम्र की अध्यक्ष बनकर इशिता ने जनता और पार्टी का आभार व्यक्त किया और विकास का वादा किया। उपाध्यक्ष पद के लिए 14 अगस्त को चुनाव होगा।

    Hero Image
    निर्विरोध नवनिर्वाचित जिला पंचायत टिहरी अध्यक्ष इशिता सजवाण। जागरण

    जागरण संवाददाता, नई टिहरी। जिला पंचायत टिहरी में अध्यक्ष की कुर्सी हाथों से जाती देख भाजपा ने अंतिम समय में मास्टर स्ट्रोक खेलते हुए राजनीतिक सूझबूझ का परिचय दिया है। वहीं नामांकन वापसी के दिन अपना अधिकृत प्रत्याशी बदलकर राजनीतिक धुरंधरों को चौंका दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा ने पूर्व अधिकृत प्रत्याशी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण को पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी से हटाते हुए निर्दलीय मैदान में उतरी इशिता सजवाण को भाजपा का का अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया।

    भाजपा आलाकमान का यह पाला बदल फार्मूला काम भी आया और पूर्व में भाजपा अधिकृत प्रत्याशी सोना सजवाण को मजबूरी में नामांकन वापस लेना पड़ा। जिसके चलते इशिता सजवाण निर्विरोध जिला पंचायत टिहरी की अध्यक्ष निर्वाचित हो गई हैं।

    दरअसल, भाजपा हाईकमान ने पूर्व में विकासखंड भिलंगना के अखोड़ी जिला पंचायत वार्ड से निर्वाचित होकर आई निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया था।

    जिसके चलते जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव के लिए भाजपा से सोना सजवाण के अलावा विकासखंड चंबा के कोट जिला पंचायत वार्ड से भाजपा के टिकट पर जीतकर आईं इशिता सजवाण ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दर्ज कराया था। जिसके बाद से ही पार्टी आलाकमान और राजनीतिक धुरंधरों में जोड़-तोड़ की राजनीति शुरू हो गई है।

    वहीं कांग्रेस अपने अधिकृत 14 वार्ड सदस्यों के साथ खुलकर निर्दलीय इशिता के साथ खड़ी हो गई। जबकि कुल 18 में से अधिकांश निर्दलीय वार्ड सदस्य भी इशिता के पाले में खड़े दिखाई दिए।

    जिससे भाजपा को अपने सिर्फ 13 वार्ड सदस्यों के बलबूते पर जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव जीतना असंभव लगा और भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी हाथों से जाती देख अंतिम समय में अपना पाला बदल दिया।

    भाजपा ने निर्दलीय अध्यक्ष पद की प्रत्याशी और भाजपा समर्थित चुनाव जीती इशिता सजवाण को ही अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया। जिसके बाद सोना सजवाण के पास कोई रास्ता ही नहीं बचा और उन्होंने भी इशिता व भाजपा को समर्थन देते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया।

    जिसके बाद टिहरी में भाजपा की इशिता सजवाण निर्विरोध जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हो गई हैं। अब टिहरी जिला पंचायत में केवल उपाध्यक्ष पद के लिए 14 अगस्त को चुनाव कराए जाएंगे।

    जिसमें प्रतापनगर ब्लाक की कपलोक सीट से निर्वाचित कांग्रेस अधिकृति प्रत्याशी मान सिंह और नरेंद्रनगर ब्लाक की तिमली सीट से निर्वाचित भाजपा अधिकृत प्रत्याशी हुकुम सिंह के बीच मुकाबला होगा। देखना यह होगा कि भाजपा उपाध्यक्ष बनाने में भी कामयाब होती है या यह सीट कांग्रेस झटकने में सफल होती है।

    जिले की सबसे कम उम्र की जिपं अध्यक्ष बनी इशिता

    टिहरी जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में इशिता सजवाण सबसे कम उम्र की जिला पंचायत सदस्य बनी थी। लेकिन, अब इशिता के सिर टिहरी जिले में सबसे कम उम्र की जिला पंचायत अध्यक्ष बनने का ताज भी सज गया है। इशिता न केवल कम उम्र की जिपं अध्यक्ष बनीं, बल्कि उच्च शिक्षा प्राप्त भी है।

    इशिता शहर की चकाचौंध भरी जिंदगी छोड़कर गांव लौटी और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए पंचायत चुनाव लड़कर राजनीति के क्षेत्र में कदम रखा। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष 27 वर्षीय इशिता सजवाण ने पुणे और दिल्ली जैसे महानगरों में एमबीए, एमए साइकोलाजी की उच्च शिक्षा प्राप्त की।

    अच्छी नौकरी के बजाए उन्होंने गांव की ओर रुख किया। इशिता ने जनपद के चंबा ब्लाक की कोट सीट से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा। युवा व उच्च शिक्षा प्राप्त इशिता को क्षेत्र की जनता ने भी खूब पसंद किया और इस चुनाव में उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी को 4478 मतों के भारी अंतर से हराया। अब उन्होंने सबसे कम उम्र में जिला पंचायत अध्यक्ष निर्विरोध बनने का खिताब भी अपने नाम कर लिया है।

    जनता और पार्टी का जताया आभार

    जिला पंचायत टिहरी की निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद इशिता सजवाण ने नई टिहरी स्थित पार्टी जिला कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों के साथ प्रेसवार्ता आयोजित की। जिसमें उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए उन पर भरोसा जताने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पार्टी आलाकमान सहित क्षेत्र की जनता का आभार जताया है।

    इशिता ने कहा कि पंचायत चुनाव में क्षेत्र की जनता ने उन्हें जो अपनत्व व स्नेह दिया है, उसका कर्ज वह क्षेत्र में बेहतर विकास कार्य करके चुकांएंगी। भाजपा के नेतृत्व में जनपद के चहुंमुखी विकास के लिए वचनबद्ध होकर कार्य करेंगी। जनता के सहयोग से एक नई सोच के साथ क्षेत्र के लिए बेहतर करने का प्रयास करेंगी।

    भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और टिहरी जिला प्रभारी शैलेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा अंतिम पायदान पर खड़े कार्यकर्ता को दायित्य सौंपने का काम करती है। भाजपा ने युवा प्रत्याशी पर भरोसा जताकर साबित कर दिया है कि भाजपा युवाओं के हाथों में बागडोर सौंपकर उन्हें सशक्त बना रही है। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी, चंबा पालिकाध्यक्ष शोभनी धनोला, चंबा मंडल अध्यक्ष नीरज खत्री सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

    comedy show banner
    comedy show banner