बर्ड फ्लू के प्रकोप को देख पंतनगर विवि का कुक्कुट फार्म बंद, अंदर आने जाने पर भी बैन
पंतनगर के जीबी पंत विश्वविद्यालय के कुक्कुट फार्म में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने हजारों मुर्गियों को मारकर दफना दिया और फार्म को बंद कर दिया। 14 अगस्त को मुर्गियों की मौत शुरू हुई थी जांच के बाद बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। एहतियात के तौर पर फार्म को बंद कर दिया गया है और दवा का छिड़काव किया जा रहा है।

संसू, जागरण पंतनगर। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी की विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कुक्कुट फार्म नगला में वर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद प्रशासन की टीम ने कुक्कुट विभाग के साथ हजारों मुर्गियों को मारने के बाद दफन कर दिया है। साथ ही कुक्कुट फार्म को बंद कर दिया। हालांकि इस संबंध में विवि के अधिकारी जानकारी देने से बच रहे हैं।
जीबी पंत विश्वविद्यालय नगला में शैक्षणिक कुक्कुट फार्म में बड़े पैमाने पर कुक्कुट यानी मुर्गियों का पालन होने के साथ ही रिसर्च भी होता है। 14 अगस्त को अचानक जब डेढ सौ मुर्गियां मरना प्रारंभ हुईं तो शीघ्र ही फार्म के डाक्टरों की टीम ने मृत मुर्गियों की जांच के नमूने इंडियन वेटरनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट बरेली भेज दिए।
बरेली से रिपोर्ट में एच-5 और एन1 यानी एवियन इन्फ्लूएंजा वायरस निगेटिव तो आई लेकिन तब तक तेजी से प्रति दिन 500 से अधिक मुर्गियों के मरने का सिलसिला जारी हो गया। एक सितंबर को चीफ वेटनरी अधिकारी डा. आशुतोष जोशी के नेतृत्व में टीम ने फार्म में बचीं 5432 मुर्गियों को वैज्ञानिक पद्धति से मारकर दफन कर दिया और कुक्कुट फार्म को एहतियातन बंद कर दिया। साथ ही फार्म के अंदर आने जाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया। अब डाक्टरों की टीम फार्म को बर्ड फ्लू से छुटकारा दिलाने में जुटी है।
भोपाल भेजे गए सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। इसके बाद फार्म में 5432 मुर्गियों को मारकर दफना दिया गया है। एहतियातन महामारी के फैले रहने तक कुक्कुट फार्म को बंद रखने के लिए कहा गया है। साथ ही शोध और एतियातन के साथ ही फार्म में दवा का छिडकाव भी किया जा रहा है। जल्द ही कुक्कुट फार्म को प्रारंभ करने की कोशिश की जा रही है। - डा. आशुतोष जोशी, जिला पशु चिकित्साधिकारी. यूएस नगर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।