Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड: सीएम धामी- मेयर और बेहड़ की गुफ्तगू से सियासी हलचल, पूर्व भाजपा विधायक के न होने से बढ़ी बात

    Updated: Sat, 08 Nov 2025 04:06 PM (IST)

    पंतनगर में किसान महासम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और महापौर विकास शर्मा के बीच हुई बातचीत ने राजनीतिक हलचल पैदा कर दी। किच्छा के पूर्व भाजपा विधायक राजेश शुक्ला की अनुपस्थिति ने भी अटकलों को जन्म दिया। विधायक बेहड़ ने इसे सामान्य प्रक्रिया बताया, जबकि महापौर शर्मा ने मुख्यमंत्री की विकासपरक सोच की सराहना की।

    Hero Image

    आम जुबां के साथ-साथ इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रहा वीडियो। वीडियो ग्रैब

    संसू, जागरण, पंतनगर । किसानों के हितों के लिए चलाई जा रही योजनाओं के बखान और संवाद के लिए सजा महासम्मेलन का मंच आज तराई में सियासी हलचल भी छोड़ गया। मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, किच्छा के कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकाश शर्मा के बीच कुछ देर के लिए हुई गुफ्तगू ने लोगों का ऐसा ध्यानाकर्षण किया कि जुबान से लेकर इंटरनेट मीडिया पर भी यह सुर्खियां बनते देर नहीं लगी। कयास तब और तेज हो गए जब महत्वपूर्ण कार्यक्रम में किच्छा के पूर्व भाजपा विधायक राजेश शुक्ला नहीं दिखे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंतनगर स्थित जीबी पंत विवि के स्टेडियम में शुक्रवार को किसान महासम्मेलन का आयोजन था। चूंकि सम्मलेन में किसानों को चलाई जा रहीं योजनाओं पर चर्चा होनी थी और यह बताना मकसद था कि सरकार उनके हित में क्या-क्या योजनाएं चला रही है और आगे क्या करने वाली है। यह कार्यक्रम भले सरकारी था, लेकिन सियासी पंडित इसे मिशन-2027 की तैयारियों से जोड़कर भी देख रहे हैं। महासम्मेलन किच्छा विधानसभा क्षेत्र में था, लिहाजा किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ को कार्यक्रम की अध्यक्षता करनी थी। कार्यक्रम के दौरान तिलकराज बेहड़ मंच पर पहुंचे और अध्यक्षता के लिए निर्धारित कुर्सी पर बैठे।

    मुख्यमंत्री की कुर्सी के बराबर में कृषि मंत्री गणेश जोशी की कुर्सी लगी थी, उसके बराबर में सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ की कुर्सी थी। उनके बराबर में रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा बैठे थे। कृषि मंत्री गणेश जोशी जैसे ही संबोधन को पहुंचे कि बेहड़ उठकर गणेश जोशी की कुर्सी पर बैठ सीएम से गुफ्तगू करने लगे। उसके बाद महापौर विकास शर्मा से भी उनकी कानाफूसी हुई। आखिर वार्ता क्या हुई, यह तो वही जानते होंगे, लेकिन इससे एकाएक तराई का सियासी पारा जरूर चढ़ गया।

    क्या बोले माननीय

    सरकारी कार्यक्रम था और उनके किच्छा विधानसभा क्षेत्र में था। यह व्यवस्था भी है कि सरकार किसी दल की हो या क्षेत्र का विधायक जिस पार्टी का हो, अगर उस क्षेत्र में कार्यक्रम है तो संबंधित क्षेत्र का विधायक ही अध्यक्षता करता है। रही बात तारीफ की तो अच्छा किया है तो अच्छा ही कहा जाएगा। यह कोई बात नहीं है...एनडी तिवारी की भाजपा के लोग भी तो तारीफ करते हैं। मंच पर मैंने समस्याएं भी तो पूरी ताकत से रखीं। इसमें किसी तरह की कयासबाजी का कोई मतलब ही नहीं बनता।
    - तिलकराज बेहड़, कांग्रेस विधायक किच्छा

    कार्यक्रम की सूचना थी, लेकिन मैं आवश्यक कार्य से दिल्ली में हूं।
    - राजेश शुक्ला, पूर्व विधायक भाजपा किच्छा

    निश्चित रूप से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश के विकास के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। वह विकास कार्यों को स्वीकृत करते समय दलगत भावना से ऊपर उठकर जनहित को ध्यान में रखते हैं। ऐसे में भाजपा विधायकों के साथ ही वह विपक्षी दलों के विधायकों की भी अक्सर सराहना पाते रहते हैं। यह उनकी विकासपरक सोच का परिणाम है।
    - विकास शर्मा, महापौर रुद्रपुर नगर निगम

     

    यह भी पढ़ें- उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती, सीएम धामी ने 13 बलिदानी आंदोलनकारियों के स्वजन का किया सम्‍मान

    यह भी पढ़ें- पंतनगर में आयोजित किसान सम्मेलन में पहुंचे सीएम धामी, कहा- 'किसानों को दी गई मिलेट, एप्पल और कीवी मिशन की सौगात '