Uttarkashi News: मूसलाधार बारिश से गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे पर यातायात बाधित, इन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप
उत्तरकाशी में मूसलाधार बारिश से गंगोत्री और यमुनोत्री राजमार्गों पर भूस्खलन हुआ है जिससे यातायात बाधित हो गया। नलुणा में गंगोत्री राजमार्ग आठ घंटे तक ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। मूसलधार वर्षा के चलते गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन व भू-धंसाव का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को भी गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे कई स्थानों पर भूस्खलन व भूधंसाव के चलते घंटों बाधित रहा। सर्वाधिक गंगोत्री हाईवे पर नलुणा में आठ घंटे तक आवाजाही ठप रही। बीआरओ व एनएच की टीम ने किसी तरह कड़ी मशक्कत कर आवाजाही बहाल की।
हालांकि, कई स्थानों पर बाधित गंगोत्री हाईवे को जंगलचट्टी के पास छोड़कर सभी स्थानों पर यातायात के लिए बहाल कर लिया गया। वहीं, जंगलचट्टी के पास हाईवे खोलने का काम जारी है।
बीते गुरुवार रात से शुक्रवार सुबह तक हुई मूसलधार वर्षा के चलते गंगोत्री हाईवे नेताला, नलुणा, बिशनपुर, पापड़गाड़ और यमुनोत्री हाईवे कल्याणी, महरगांव, डाबरकोट, सिलाई बैंड के पास भूस्खलन के कारण मलबा व बोल्डर आने से बंद हो गया। जबकि, जंगलचट्टी, बनास व नारद चट्टी में गंगोत्री हाईवे पहले से ही सड़क बहने से अवरुद्ध चल रहा है।
गंगोत्री हाईवे नालूपानी में 11 बजे तक, पापड़गाड व बिशनपुर में 12 और नलुणा में आठ घंटे बाद शाम करीब चार बजे तक खुल सका। जबकि जंगलचट्टी में हाईवे अभी भी बाधित है। उधर, सिलाई बैंड, कल्याणी व महरगांव के पास बाधित यमुनोत्री हाईवे को करीब 11 बजे तक वाहनों की आवाजाही के लिए सुचारू कर लिया गया। हालांकि, वर्षा का सिलसिला जारी होने से दोनों हाईवे के दोबारा बंद होने का खतरा बरकार है।
20 ग्रामीण मोटरमार्ग भी बंद
गंगोत्री व यमुनोत्री हाईवे के साथ जनपद में 20 ग्रामीण मोटरमार्ग भी भूस्खलन व भू-धंसाव के चलते बंद हुए हैं। इनमें लोनिवि के सात, पीएमजीएसवाई के 12 तथा वाप्कोस का एक मोटरमार्ग शामिल हैं। हालांकि, आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार सभी की बहाली को कार्य गतिमान है।
दस गांवों में बिजली व पांच में पेयजल आपूर्ति ठप
आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार लगातार वर्षा का सिलसिला जारी होने से जनपद में मनेरी से मल्ला तक दस गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हुई है। वहीं, भटवाड़ी के चड़ेथी, मल्ला व भटवाड़ी, डुंडा के गोनांग तथा पुरोला के मखना गांव में गत तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित चल रही है।
विद्युत विभाग की ओर से बिजली व जल संस्थान की ओर से पेयजल आपूर्ति बहाल करने की कार्यवाही गतिमान है। लोगों को आने-जाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।