बंगाल में BJP बदल सकती है अध्यक्ष, इस नेता को मिलेगी कमान; नड्डा से मुलाकात के बाद अटकलें तेज
पश्चिम बंगाल भाजपा को जल्द ही नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने वाला है। चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है और नामांकन की प्रक्रिया बुधवार को पूरी होगी। राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य का नाम सबसे आगे चल रहा है। वर्तमान अध्यक्ष सुकांत मजूमदार का कार्यकाल पूरा हो चुका है और वे केंद्र में मंत्री भी हैं जिसके चलते नए अध्यक्ष की नियुक्ति की जा रही है।

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। देश के कई राज्यों में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्षों के लिए चुनाव प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में बंगाल को भी अगले दो दिनों में यानी गुरुवार तक नया प्रदेश अध्यक्ष मिल जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर पार्टी ने विराम लगाते हुए मंगलवार को अधिसूचना जारी कर चुनाव की तिथि भी घोषित कर दी। गुरुवार को नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन के लिए चुनाव होगा। उससे पहले बुधवार को नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। गुरुवार को चुनाव के बाद उसी दिन शाम तक प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी।
इधर, नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में कई नाम बताए जा रहे हैं। हालांकि पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य शमिक भट्टाचार्य नए प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ में सबसे आगे हैं और वह मौजूदा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार की जगह ले सकते हैं। यह अटकलें तब तेज हो गई जब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार शाम शमिक भट्टाचार्य और बंगाल में प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए हाल में प्रभारी नियुक्त किए गए वरिष्ठ सांसद रविशंकर प्रसाद को अपने आवास पर एक साथ बुलाकर बैठक की।
बंगाल को मिलेगा नया भाजपा अध्यक्ष
मालूम हो कि सितंबर, 2021 से ही प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे डा. सुकांत मजूमदार का कार्यकाल पिछले साल ही खत्म हो चुका है। पिछले साल लोकसभा चुनाव के बाद से सुकांत केंद्र में मंत्री की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। भाजपा के संविधान के अनुसार, पार्टी में 'एक व्यक्ति एक पद' की नीति है। ऐसे में केंद्रीय नेतृत्व के लिए सुकांत को अध्यक्ष पद पर बनाए रखना मुश्किल है। केंद्रीय मंत्री और बंगाल जैसे चुनौतीपूर्ण राज्य में पार्टी अध्यक्ष का पद एक साथ संभालना भी कठिन है। राज्य में अगले साल की शुरुआत में ही विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में अब विधानसभा चुनाव से पहले राज्य को नया प्रदेश अध्यक्ष मिलने जा रहा है।
चुनाव के लिए अधिसूचना जारी, बुधवार को दाखिल होगा नामांकन पत्र
प्रदेश भाजपा के रिटर्निंग आफिसर व विधायक दीपक बर्मन ने मंगलवार को अधिसूचना जारी कर नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की तिथि घोषित कर दी। इसके अनुसार, बुधवार को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। बुधवार को ही नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। अगर नामांकन वापस लेना है तो उसी दिन वापस लेना होगा।
भाजपा बुधवार को प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित करेगी। उसके बाद गुरुवार को चुनाव के बाद उसी दिन नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। भाजपा ने गुरुवार को होने वाले चुनाव में कौन-कौन वोट करेगा, इसकी मतदाता सूची भी पहले ही प्रकाशित कर दी है। इस सूची में 294 नाम हैं। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से एक प्रतिनिधि इस चुनाव में हिस्सा लेगा।
मालूम हो कि 2021 में विधानसभा चुनाव के बाद सितंबर में सुकांत प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। दिलीप घोष की जगह सुकांत के नाम की सीधे दिल्ली ने घोषणा की थी। तब से सुकांत भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।