अमेरिकी इतिहास के सबसे शक्तिशाली उपराष्ट्रपति डिक चेनी का निधन, ईराक युद्ध में निभाई थी अहम भूमिका
पूर्व अमेरिकी उपराष्ट्रपति डिक चेनी का 84 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे निमोनिया और दिल की बीमारियों से पीड़ित थे। चेनी, एक कट्टर रूढ़िवादी नेता, इराक पर हमले के मुख्य समर्थक थे और उन्होंने 2003 में अमेरिका द्वारा इराक पर किए गए हमले में अहम भूमिका निभाई थी। परिवार ने उनके देश के लिए किए गए योगदान को याद किया।

डिक चेनी का 84 वर्ष की उम्र में निधन।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी इतिहास के सबसे शक्तिशाली उपराष्ट्रपति माने जाने वाले डिक चेनी का सोमवार को निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। उनके परिवार की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, उनका निधन निमोनिया और हृदय एवं रक्त वाहिकाओं से जुड़ी समस्याओं के कारण हुआ। वे राष्ट्रपति पद के लिए दो सफल अभियानों में जार्ज डब्ल्यू बुश के साथी उम्मीदवार और आतंकवाद, युद्ध और आर्थिक बदलाव के दौर में उनके सबसे प्रभावशाली व्हाइट हाउस सलाहकार थे।
अपने लगभग पूरे वयस्क जीवन में हृदय संबंधी समस्याओं से जूझते रहे चेनी को 1978 से 2010 तक पांच बार दिल का दौरा पड़ा और 2001 से वे अपनी हृदय गति को नियंत्रित करने के लिए एक उपकरण पहनते रहे। लेकिन उनकी स्वास्थ्य समस्याओं ने उपराष्ट्रपति के रूप में उनके प्रदर्शन को प्रभावित नहीं किया।
सेवानिवृत्ति के तीन साल बाद 2012 में उनका हृदय प्रत्यारोपण किया गया और तब से वे काफी सक्रिय रहे। हाल ही में, उन्होंने दोनों दलों के अमेरिकियों को यह घोषणा करके चौंका दिया कि वे 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवार उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को वोट देंगे।
उन्होंने हैरिस के रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ओवल आफिस के लिए अयोग्य और अमेरिकी लोकतंत्र के लिए एक गंभीर खतरा बताया था। चेनी ने कहा था कि हमारा कर्तव्य है कि हम अपने संविधान की रक्षा के लिए देश को पक्षपात से ऊपर रखें। उनकी घोषणा उनकी बेटी और वायोमिंग से पूर्व रिपब्लिकन प्रतिनिधि लिज चेनी की पहले की गई घोषणा से मिलती-जुलती थी, जिन्होंने छह जनवरी, 2021 को कैपिटल पर उनके समर्थकों द्वारा किए गए हमले के बाद ट्रंप से नाता तोड़ लिया था।
उन्होंने भी कहा कि वह हैरिस को वोट देंगी। बुश के सबसे विश्वसनीय सलाहकार के रूप में चेनी अंतरराष्ट्रीय और घरेलू नीति के क्षेत्रों में अपनी इच्छानुसार काम करते थे। असीमित अधिकार वाले एक सुपर कैबिनेट अधिकारी की तरह उन्होंने युद्ध का पक्ष रखने, कानून का प्रस्ताव रखने या उसे रद करने, कर कटौती के लिए संतुलन बनाने, सहयोगियों के हितों को बढ़ावा देने और विरोधियों को परास्त करने के लिए अपने अधिकार का इस्तेमाल किया था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।