Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    'भारत धीरे-धीरे कम करेगा रूस से तेल की खरीद', व्हाइट हाउस ने प्रवक्ता ने किया बड़ा दावा

    Updated: Fri, 24 Oct 2025 10:55 PM (IST)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर भारत धीरे-धीरे रूस से तेल की खरीद कम करेगा। यह दावा शुक्रवार को व्हाइट हाउस ने किया। प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा, अगर रूस पर लगे ताजा प्रतिबंधों को देखा जाए तो वे काफी प्रभावशाली हैं। अमेरिका ने गुरुवार को रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों-रोजनेफ्ट और ल्यूकोइल के कारोबार पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।

    Hero Image

    'भारत धीरे-धीरे कम करेगा रूस से तेल की खरीद', व्हाइट हाउस (फोटो- एक्स)

    पीटीआई, वाशिंगटनअमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अनुरोध पर भारत धीरे-धीरे रूस से तेल की खरीद कम करेगा। यह दावा शुक्रवार को व्हाइट हाउस ने किया। प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा, अगर रूस पर लगे ताजा प्रतिबंधों को देखा जाए तो वे काफी प्रभावशाली हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमेरिका ने गुरुवार को रूस की दो सबसे बड़ी तेल कंपनियों-रोजनेफ्ट और ल्यूकोइल के कारोबार पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। इन प्रतिबंधों का उद्देश्य रूस को तेल बिक्री से मिलने वाले राजस्व को कम करना है जिससे यूक्रेन युद्ध में रूसी सेना कमजोर पड़े और युद्ध रुके।

    इससे पहले प्रतिबंधों की रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा आलोचना पर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि खुश हूं कि उन्हें प्रतिबंध का असर महसूस हो रहा है। हम देखेंगे कि आने वाले छह महीने वह कैसे कार्य करेंगे।

    लेविट ने कहा, अंतरराष्ट्रीय मीडिया में खबरें आ रही हैं कि चीन रूस से तेल खरीद कम करता जा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप के अनुरोध पर भारत भी ऐसा ही कर रहा है। उम्मीद है कि भारत रूस से तेल की खरीद को बंद कर देगा। प्रवक्ता ने यूरोप के सहयोगी देशों से भी अनुरोध किया कि वे रूस से तेल और गैस की खरीद बंद करें। इससे यूक्रेन युद्ध के लिए रूस को मिल रहे धन में कटौती होगी।

    उल्लेखनीय है अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और उनके सहयोगी मंत्रियों ने हाल के दिनों में लगातार दावा किया है कि भारत ने रूस से तेल खरीद कम करने का भरोसा दिया है। जबकि भारत ने सार्वजनिक रूप से ऐसी कोई बात नहीं कही है।

    कहा है कि भारत अपने राष्ट्रीय हित को देखते हुए ऊर्जा नीति बनाता है और उसके अनुसार तेल की खरीद करता है जिससे उपभोक्ताओं को कम कीमत पर पेट्रोलियम उत्पाद मिलें।

    अमेरिका का मानना है कि भारत रूस से बड़ी मात्रा में तेल खरीदकर उसे यूक्रेन युद्ध में परोक्ष मदद दे रहा है। इसी के चलते भारत और अमेरिका के संबंधों में हाल के महीनों में तनाव आया है, राष्ट्रपति ट्रंप ने भारतीय माल पर 50 प्रतिशत का अतिरिक्त आयात शुल्क (टैरिफ) लगाया है। इसमें 25 प्रतिशत टैरिफ रूस से तेल खरीद करने के कारण लगा है।

    लेविट ने कहा, राष्ट्रपति ट्रंप ने सख्त कदम के लिए बहुत दिनों के संकेत के बाद रूस पर गुरुवार को प्रतिबंधों की घोषणा की है। ये प्रतिबंध यूक्रेन में शांति लाने में सहायक साबित होंगे।