'हमारी न्यूक्लियर पनडुब्बी रूसी तट के करीब', ट्रंप ने पुतिन को दी धमकी; यूक्रेन युद्ध रोकने को कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को यूक्रेन युद्ध रोकने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि रूस को मिसाइल परीक्षण नहीं करना चाहिए। ट्रंप ने यह भी कहा कि परमाणु हथियारों से लैस अमेरिकी पनडुब्बी रूसी तट के करीब है। क्रेमलिन ने कहा है कि रूस अपनी सुरक्षा के अनुसार कार्य करता है और अमेरिका के साथ बातचीत के रास्ते खुले हैं।

विमान में यात्रा के दौरान संवाददाताओं से ट्रंप ने की बात (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हफ्ते भर पहले फोन पर रूसी राष्ट्रपति से दो घंटे बात करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तल्ख अंदाज में कहा है कि पुतिन को मिसाइल टेस्ट न करके यूक्रेन में युद्ध रोकना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि परमाणु हथियारों से लैस अमेरिकी पनडुब्बी रूस के समुद्री तट के नजदीक है।
उसे कुछ हफ्ते पहले ही वहां तैनात किया गया था। रूस की टेस्ट की गई नई मिसाइल पर प्रतिक्रिया में ट्रंप ने कहा, नाटो ने इसे स्काइफाल मिसाइल नाम दिया है। ट्रंप ने कहा, वे (रूसी) जानते हैं कि परमाणु शक्ति चालित परमाणु हथियारों से लैस पनडुब्बी उनके तट के नजदीक है। यह दुनिया का सबसे घातक हथियार है। हमें 14 हजार किलोमीटर दूर से हमले की जरूरत नहीं होगी।
यूक्रेन युद्ध रोकने का दबाव
ट्रंप ने कहा, उन्हें लगता है कि पुतिन का इस समय मिसाइल का परीक्षण और उससे हमले की बातें करना उचित नहीं है। यह समय यूक्रेन युद्ध को रोकने पर विचार करने का है जिसे चलते हुए लगभग चार वर्ष हो रहे हैं। विमान में यात्रा के दौरान संवाददाताओं से ट्रंप की बातचीत का यह आडियो व्हाइट हाउस ने जारी किया है।
ट्रंप की प्रतिक्रिया के जवाब में रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि रूस अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों को देखते हुए कार्य करता है। इस मिसाइल परीक्षण से अमेरिका के साथ संबंधों में तनाव बढ़ने का कोई कारण नहीं है। सभी मुद्दों पर अमेरिका के साथ वार्ता के हमारे रास्ते खुले हुए हैं। रूस के राष्ट्रपति राष्ट्रीय हितों के अनुसार वार्ता पर निर्णय लेंगे।
रूस ने किया था परीक्षण
रविवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बताया था कि उनके देश ने अद्भुत मिसाइल का परीक्षण किया है। सोमवार को उस मिसाइल का नाम और विवरण सार्वजनिक हुआ है। परमाणु शक्ति चालित बुरेवेस्तनिक मिसाइल दुनिया में कहीं पर ही हमला करने में सक्षम है। यह 1,300 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से बहुत कम ऊंचाई पर चलती है और अपना रास्ता बदलती रहती है, इसलिए इसे ट्रैक कर पाना भी लगभग असंभव है।
बुरेवेस्तनिक परमाणु हथियार का अचूक हमला करने वाली क्रूज मिसाइल है। यह परमाणु शक्ति से चलने वाली दुनिया की पहली मिसाइल है। रूस ने इस मिसाइल को 14 हजार किलोमीटर दूर भेजकर इसका अंतिम परीक्षण किया। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि सेना अब इसे अपने इस्तेमाल में लेने की तैयारी करे। रूस ने बुरेवेस्तनिक मिसाइल बनाने की घोषणा 2018 में की थी। यह अमेरिका के 2001 में घोषित मिसाइल डिफेंस सिस्टम योजना को विफल करने वाला हथियार था।
(न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।