Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अमेरिका में शटडाउन से भुखमरी के कगार पर लाखों लोग, नहीं निकला समाधान तो बढ़ जाएगी मुसीबत

    Updated: Thu, 30 Oct 2025 08:00 PM (IST)

    अमेरिका में शटडाउन के चलते लाखों जरूरतमंद लोग भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। सरकारी सहायता बाधित होने से खाद्य बैंकों पर दबाव बढ़ गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि जल्द ही कोई समाधान नहीं निकला तो आर्थिक संकट गहरा सकता है और स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। इस समस्या का तत्काल समाधान निकालना आवश्यक है।

    Hero Image

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप। (रॉयटर्स)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में शटडाउन लागू हुए महीनाभर होने जा रहा है। इस दौरान अव्यवस्था चरम पर पहुंच गई है। इसका असर लाखों जरूरतमंद अमेरिकी नागरिकों पर भी पड़ने का खतरा मंडराने लगा है, जो दो वक्त के खाने के लिए भी सरकार पर निर्भर हैं। इन्हें सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम (एसएनएपी- स्नैप) के तहत सरकार खाद्य सुविधा प्रदान करती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शटडाउन की वजह से अमेरिकी सरकार ने एक नवंबर इस योजना के लिए आकस्मिक निधि से पैसा देने से मना कर दिया है। अगर जल्दी ही कोई समाधान नहीं निकला, तो लाखों लोग भुखमरी का शिकार होने लगेंगे। इनमें बेघर लोग, विकलांग बच्चे और बड़े और तमाम बुजुर्ग व महिलाएं शामिल हैं।

    2024 में हुई थी 100 अरब डॉलर की फंडिंग

    बता दें कि साल 2024 में संघीय सरकार ने इस योजना के लिए 100 अरब डॉलर की फंडिंग की थी। डेमोक्रेट राज्यों ने ट्रंप प्रशासन को इस योजना के लिए फंडिंग बाध्य करने के लिए अदालत में मुकदमा भी दायर कर रखा है। उन्होंने कहा था कि सरकार की आकस्मिक निधि में पांच अरब डॉलर पड़े हैं। इसके अलावा बड़े रिजर्व फंड में 23 अरब डॉलर हैं। इस पैसे से स्नैप को आगे बढ़ाया जाना चाहिए। राज्य जैसे-तैसे जुटा रहे फंड लुइयाना में स्नैप के तहत आठ लाख लाभार्थी हैं। यहां पांच में से एक नागरिक को इसका लाभ मिलता है। यहां इस राज्य ने 15 करोड़ डॉलर की फंडिंग की व्यवस्था की है।

    जरूरतमंदों को संकट में न पड़ने दिया जाए- गवर्नर लुजान ग्रिशम

    अधिकारियों ने बताया कि इसमें 53 हजार उन लोगों को बाहर रखा जाएगा, जो बच्चों या विकलांग सदस्यों की देखरेख नहीं करते। न्यू मेक्सिको सिटी के गवर्नर लुजान ग्रिशम ने कहा कि उनका राज्य तीन करोड़ डॉलर की व्यवस्था करेगा ताकि जरूरतमंदों को संकट में न पड़ने दिया जाए। डेमोक्रेट शासित इस राज्य की 21 प्रतिशत आबादी स्नैप योजना पर निर्भर है। 80 लाख डॉलर की फंडिंग जारी करने के लिए राज्य में दो दिन का विशेष सत्र बुलाया गया था।

    माना जा रहा है कि इस राशि से अगले 10 दिनों तक ही व्यवस्था संभाली जा सकती है। वेरमोंट में स्नैप को जारी रखने के लिए राज्य के फंड से 63 लाख डॉलर जारी किए गए हैं। ढाई लाख डॉलर फूड बैंकों को दिए जाएंगे। इसे पहले भी राज्य ऐसी आपदा के लिए पांच करोड़ डॉलर अलग रखता रहा है।

    वहीं, कोलोराडो, कनेक्टिकट, मिनेसोटा और वेस्ट वर्जीनिया ने भी खाद्य योजना को जारी रखने के लिए फंड बढ़ाए हैं। न्यूयार्क और नेवादा राज्य फंड से तीन करोड़ डॉलर की फंडिंग जारी करने के लिए प्रयासरत हैं। वहीं, अल्बामा, टेक्सास, कैंसास और फ्लोरिडा जैसे राज्यों ने अब तक कोई कदम नहीं उठाया है। नेब्रास्का ने तो कहा है कि वह इस योजना पर रोक लगा देगा।

    (समाचार एजेंसी एपी के इनपुट के साथ)