Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

Delhi Weather: उमस ने किया दिल्लीवासियों को परेशान, अब बारिश से मिलेगी राहत; पढ़ें IMD का ताजा अपडेट

दिल्ली में उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को जल्द ही बारिश से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने बुधवार से हल्की वर्षा का दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। इस दौरान तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। मानसून की विदाई भी इसी वीकेंड तक हो सकती है। दिल्ली का एक्यूआई फिलहाल 167 है जो मध्यम श्रेणी में आता है।

By sanjeev Gupta Edited By: Sonu Suman Updated: Mon, 23 Sep 2024 11:06 PM (IST)
Hero Image
दिल्लीवासियों को जल्द मिलेगी उमस से राहत, बारिश की बन रही संभावना।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मौसमी उतार चढ़ाव के बीच दिल्ली में उमस भरी गर्मी फिर से परेशान कर रही है। तेज धूप में तापमान भी बढ़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि बुधवार से एक बार फिर हल्की वर्षा का दौर प्रारंभ होने की संभावना है। तीन चार दिन तक चलने वाले इस दौर में तापमान में भी वापस गिरावट आने का अनुमान है।

सोमवार को सुबह ही धूप निकल गई थी। दिन चढ़ने के साथ यह और तीखी होती गई। इस दौरान उमस ही नहीं, तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 37.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.9 डिग्री रहा। हवा में नमी का स्तर 93 से 53 प्रतिशत दर्ज किया गया।

पूरे दिन बादलों की रहेगी आवाजाही

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। धूप तो निकली ही रहेगी, बीच- बीच में बादलों की आवाजाही भी देखने को मिल सकती है। जहां तक तापमान का सवाल है तो अधिकतम 37 डिग्री जबकि न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। फिर बुधवार से शनिवार तीन चार दिन तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान गिरकर 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।

राजधानी से मानसून इसी वीकेंड से लौटेगा

यहां यह भी उल्लेखनीय है कि मानसून की विदाई की बेला में भी मौसम विभाग के पूर्वानुमान बार-बार बदलते रहे हैं। कभी वर्षा खत्म होने की भविष्यवाणी आ जाती है तो कभी फिर से वर्षा का पूर्वानुमान जारी कर दिया जाता है। इसी वजह से मानसून की विदाई भी लटकी हुई है। संभावना है कि राजधानी से मानसून इसी सप्ताहांत तक लौट जाएगा।

एक्यूआई का स्तर मध्यम श्रेणी में

दूसरी तरफ दिल्ली की वायु गुणवत्ता फिलहाल नियंत्रण में ही चल रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 167 रहा। इस स्तर की हवा को 'मध्यम' श्रेणी में रखा जाता है। हाल फिलहाल इस श्रेणी में बदलाव के आसार नहीं हैं।

यह भी पढे़ंः दिल्ली में अक्टूबर में होगी E-Vehicle परेड, राजघाट पर जुटेंगे 500 से अधिक वाहन; मकसद है बेहद खास