Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

सीएम योगी ने सिपाही भर्ती परीक्षा को बताया मॉडल, कहा- इसी आधार पर अन्य बोर्ड भी करें भर्तियां

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को मॉडल बताया और अन्य भर्ती बोर्ड को भी इसी आधार पर भर्ती करने के निर्देश दिए। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध पूरा करने के लिए कहा। सभी रिक्त पदों पर जल्द भर्ती करने और आरक्षण नियमों का पालन करने के भी निर्देश दिए गए। योगी ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा एक मॉडल बन गई है।

By Shobhit Srivastava Edited By: Shivam Yadav Updated: Tue, 24 Sep 2024 01:04 AM (IST)
Hero Image
पुलिस भर्ती परीक्षा के आधार पर अन्य बोर्ड भी करें भर्तियां: योगी

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों सकुशल संपन्न हुई उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को मॉडल बताते हुए इसी आधार पर अन्य भर्ती बोर्ड को भी अपने यहां अपनाने के निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि सभी भर्ती बोर्ड व आयोग रिक्त पदों की भर्तियां इसी आधार पर करें। बोर्ड व आयोग प्रश्न बैंक तैयार करवाएं, परीक्षा की पवित्रता के लिए यह बहुत जरूरी है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी व समयबद्ध पूरी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा व तकनीकी विभागों स्थानीय स्तर पर बोर्ड गठित करके शीघ्र भर्ती की जाए।

मुख्यमंत्री ने अपने आवास पांच कालिदास मार्ग में आयोजित उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, विद्युत सेवा आयोग, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड व उत्तर प्रदेश सहकारी संस्थागत सेवा मंडल के अध्यक्षों के साथ बैठक में कहा कि सभी रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करें।

प्रक्रिया को अन्य भर्ती बोर्ड भी अपनाएं

पुलिस भर्ती प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष ने पुलिस भर्ती परीक्षा की प्रक्रिया व संचालन के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा एक मॉडल बन गई है। परीक्षा की इस प्रक्रिया को अन्य भर्ती बोर्ड भी अपनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ई-अधियाचन पोर्टल की व्यवस्था है। सभी विभाग इसका उपयोग कर अधियाचन भेजें। जिन विभागों में नियुक्तियां की जानी है, वहां से तत्काल अधियाचन आयोग को भेजें। किसी भी विभाग की तरफ से भर्ती प्रक्रिया लंबित नहीं होनी चाहिए। हर हाल में समय सीमा के अंदर सभी प्रक्रिया पूरी कराई जाए। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रांसपोर्ट, एजेंसी एवं परीक्षा केंद्रों के चयन में सावधानी बरती जाए। गोपनीयता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। अधिकृत एजेंसी के साथ चयन बोर्ड व आयोग का एमओयू भी होना चाहिए।

प्राइवेट संस्था को परीक्षा केंद्र न बनाया जाए

योगी ने कहा कि किसी भी प्राइवेट संस्था को परीक्षा केंद्र न बनाया जाए। केवल राजकीय व सहायता प्राप्त विद्यालयों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जाए। परीक्षा केंद्र का चयन जिलाधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देशन में ही किया जाए।

परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के संबंध में सभी बोर्ड एवं आयोग के अध्यक्ष मुख्य सचिव व पुलिस महानिदेशक के साथ बैठक करें। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस व सीसीटीवी की भी सहायता ली जाए। अफवाह रोकने पर पूरा ध्यान दिया जाए। सभी भर्ती प्रक्रियाओं में आरक्षण के नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

यह भी पढ़ें: Ayushman Card: आयुष्मान कार्ड पर आया नया अपडेट, सीएम योगी ने दिया जल्द से जल्द सुविधा देने का निर्देश

यह भी पढ़ें: UP Constable Exam: एक प्रश्न के दो उत्तर सही होने की भी आपत्ति, कब जारी होगी कट ऑफ सूची?