विचार: युद्ध के तूफान में बिजनेस की कश्ती
आज के वैश्विक व्यापार में भू-राजनीतिक अनिश्चितता, युद्ध और क्षेत्रीय तनाव से जोखिम बढ़ गए हैं। आपूर्ति श्रृंखला बाधित हो रही है और लागत बढ़ रही है। व्यवसायों को अब जोखिमों का अनुमान लगाने और मजबूत परिचालन मॉडल बनाने की आवश्यकता है।
HighLights
भू-राजनीतिक अनिश्चितता वैश्विक व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला को प्रभावित करती है।
विविध परिचालन और आकस्मिक योजना लचीलेपन के लिए महत्वपूर्ण।
युद्ध, साइबर, समुद्री बीमा महत्वपूर्ण वित्तीय सुरक्षा प्रदान करता है।
जीशा जॉर्ज। आज का वैश्विक व्यापार परिदृश्य ऐसी भू-राजनीतिक अनिश्चितता से जूझ रहा है, जिसकी कल्पना एक दशक पहले शायद ही किसी ने की हो। युद्ध, क्षेत्रीय तनाव और बदलते अंतरराष्ट्रीय समीकरण केवल खबरों तक सीमित नहीं हैं। ये सीधे तौर पर हमारे व्यापार की लागत, समय सीमा और निर्णयों को प्रभावित कर रहे हैं। आज के दौर में जोखिम की परिभाषा बदल चुकी है। अब खतरा किसी एक बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि एक जगह होने वाली हलचल पूरी दुनिया में 'रिपल इफेक्ट' पैदा करती है।
बदलते व्यापारिक जोखिम
वैश्विक आपूर्ति शृंखला में यह बदलाव साफ देखा जा सकता है। व्यापारिक मार्ग बदलने और देरी होने से लागत लगातार बढ़ रही है। साथ ही, साइबर खतरों ने भी नया और जटिल रूप ले लिया है। आज माहौल इतना पेचीदा हो गया है कि भविष्य का सटीक अनुमान लगाना लगभग नामुमकिन है। ऐसी स्थिति में व्यवसाय अब केवल प्रतिक्रियावादी होकर काम नहीं चला सकते। अब समय है ऐसा सोच विकसित करने का, जो जोखिमों को पहले से भांप सके।
मजबूत परिचालन मॉडल
किसी भी बिजनेस के लिए सबसे बड़ा खतरा एक ही स्रोत पर निर्भर रहना है। चाहे वह सप्लायर हो, कोई खास देश हो या कोई लाजिस्टिक रूट। अगर वहां कोई रुकावट आती है, तो पूरा बिजनेस ठप हो सकता है। इसलिए, परिचालन के विविध माडल बनाना अब अनिवार्य हो गया है। इसके साथ ही, कंटिंजेंसी प्लानिंग को सिर्फ कागजों तक सीमित न रखकर उसे धरातल पर उतारना होगा। व्यवसायों को अलग-अलग परिदृश्यों के लिए खुद को तैयार रखना चाहिए ताकि संकट आने पर तुरंत कदम उठाए जा सकें।
बीमा का सुरक्षा कवच
जहां परिचालन रणनीतियां आधार तैयार करती हैं, वहीं बीमा व्यापार को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाता है। अनिश्चितता के इस दौर में बीमा केवल संपत्ति की रक्षा नहीं करता, बल्कि संकट के समय व्यापार की निरंतरता बनाए रखने में मदद करता है। यह वह वित्तीय आधार प्रदान करता है, जिससे कंपनियां बिना दीर्घकालिक लक्ष्यों से भटके, बड़े झटकों को सह सकें।
विशिष्ट बीमा समाधान
जैसे-जैसे व्यापार की सीमाएं बढ़ रही हैं, विशेष बीमा समाधानों की मांग भी बढ़ी है। पालिटिकल और वार रिस्क इंश्योरेंस अब केवल जोखिम भरे क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। यह युद्ध या नागरिक अशांति के कारण होने वाले नुकसान से सुरक्षा देता है। इसी तरह, प्रापर्टी और बिजनेस इंटरप्शन इंश्योरेंस का दायरा भी बढ़ा है। अब इसमें कंटिंजेंट बिजनेस इंटरप्शन जैसे कवर शामिल हैं, जो तब भी आपकी आर्थिक मदद करते हैं जब नुकसान आपके सप्लायर के यहां हुआ हो और उसका असर आपके बिजनेस पर पड़ा हो।
समुद्री व्यापार सुरक्षा
शिपिंग मार्गों में बढ़ती अनिश्चितता के कारण मरीन और कार्गो इंश्योरेंस का महत्व काफी बढ़ गया है। रास्ते बदलने या माल के नुकसान से होने वाले वित्तीय घाटे को कम करने के लिए व्यापक मरीन इंश्योरेंस होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही, बढ़ते साइबर खतरों को देखते हुए साइबर इंश्योरेंस आधुनिक जोखिम प्रबंधन का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बन गया है। यह न केवल वित्तीय नुकसान बल्कि कंपनी की साख को बचाने में भी सहायक होता है।
रणनीतिक प्राथमिकता बनाएं
अंततः किसी भी संकट से लड़ने की क्षमता केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि सही मानसिकता से आती है। सफल वही संगठन हैं जो जोखिम प्रबंधन को केवल कानूनी औपचारिकता न मानकर रणनीतिक प्राथमिकता मानते हैं। बीमा कंपनियां भी केवल कवर देने वाली संस्थाएं नहीं, बल्कि जोखिम प्रबंधन में आपकी पार्टनर बन रही हैं।
निरंतर बदलते संसार में, अनुमान लगाने और उसके अनुसार खुद को ढालने की क्षमता ही आपकी सबसे बड़ी ताकत है। जो व्यवसाय मजबूत जोखिम प्रबंधन में निवेश कर रहे हैं, वे न केवल खुद को सुरक्षित कर रहे हैं, बल्कि अनिश्चित भविष्य में भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। सही तैयारी ही सफलता की कुंजी है।
(प्रेसिडेंट-प्रोडक्ट एंड अंडरराइटिंग, लिबर्टी जनरल इंश्योरेंस)












